जमीनी विवाद से परेशान किसान ने आत्मदाह का प्रयास किया
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा के सुरीर कोतवाली की घटना को अभी ज्यादा वक्त नहीं गुजरा है, जब दबंगों से परेशान दंपती ने कोतवाली में खुद को आग लगा ली थी। एक बार फिर अफसरों के चक्कर लगाते हुए परेशान हुए किसान ने यही आत्मघाती फैसला लिया। हालांकि परिवार की महिलाओं की चीखपुकार से किसान की जान बच गई। पीड़ित ने एआरओ और पुलिस पर दबंगों का साथ देने का आरोप लगाया है।
वृंदावन के पानीगांव खादर में सोमवार को गोविंद कुंड राधानिवास क्षेत्र निवासी जुगल किशोर निषाद पुत्र मदनी ने खेत पर एक प्लास्टिक की कैन में रखा केरोसिन अपने ऊपर उड़ेलकर आत्मदाह करने की कोशिश की। परिवार की महिलाओं व मौके पर पहुंची पुलिस ने उसको रोका।
जुगल किशोर ने बताया कि वो वर्ष 2009 से 2018 तक मांट तहसील में पट्टे पर हासिल जमीन का दाखिल खारिज कराने के लिए भटक रहा है। मुख्यमंत्री, कमिश्नर, जिलाधिकारी, एसएसपी व स्थानीय पुलिस के दरवाजे खटखटाने पर भी जब किसान की सुनवाई नहीं हुई तो उसने यह कदम उठा लिया।