नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में देवी मां के दर्शन के लिए कतार रहीं। वहीं कासगंज में एक परिवार को साक्षात देवी मिल गईं। एक बच्ची जिसे जन्म देने वाली मां चुपचाप खेत में छोड़ गई, उसे इस परिवार ने स्वीकार कर लिया। नवरात्र के पहले दिन इस घटना के कारण गांव वाले कन्या को देवी का ही रूप मान रहे हैं।
बता दें कि कासगंज में थाना ढोलना के गांव नगला बंजारा में गुरुवार को दोपहर के समय ग्रामीणों को मक्का के खेत से छोटे बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। ग्रामीणों ने खेत में जाकर देखा तो कपड़े में लिपटी हुई एक नवजात कन्या पड़ी थी। ग्रामीणों ने उस कन्या को खेत से उठा लिया।
गांव में अन्य लोगों को मामले की जानकारी हुई तो वे भी खेतों की ओर दौड़ पड़े। इसी बीच ग्रामीण महिला सुमन पत्नी श्यामवीर सिंह निवासी बाहिदपुर माफी भी अपने परिवारीजनों के साथ कन्या को देखने मौके पर पहुंच गई। सुमन ने इस कन्या को ग्रामीणों से लेकर गले लगा लिया और उसे खुद पालने की घोषणा कर दी।