घर में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान। संवाद
आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र की बिचपुरी चौकी अंतर्गत मघटई के पास स्थित डीआर एस्टेट कॉलोनी में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण व नकदी समेटकर फरार हो गए।
पीड़ित नरेश कुमार पुत्र सियाराम गढ़ी भदौरिया में पेशे से वेल्डिंग का कार्य करते हैं। वह बुधवार शाम अपनी पत्नी प्रीति व पुत्र काव्यांश और मोहित के साथ राजस्थान के रुदावल में एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे जब परिवार लौटा तो घर का मुख्य ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना की जानकारी जुटाई। पीड़ित के अनुसार चोर एक सोने की अंगूठी, चांदी की कमरबंद सहित करीब 35 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए हैं। थानाध्यक्ष जगदीशपुरा ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगाई गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।