मैनपुरी। फर्जी शिक्षकों के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। दो शिक्षक सहित तीन लोगों की बर्खास्तगी के साथ दो मामलों का खुलासा किया जा चुका है। तीसरे फर्जी प्रकरण के मामले में भी जांच अंतिम दौर में पहुंच गई है। मैनपुरी और कन्नौज में तैनाती वाले शिक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह को मूल अभिलेखों के साथ तलब किया गया है।
अनामिका शुक्ला प्रकरण के बाद लगातार फर्जी शिक्षकों की शिकायतें मिले रही हैं। शिकायतों पर एक अनुदेशक, एक कस्तूरबा की शिक्षिका, दो शिक्षकों की सेवा समाप्त की जा चुकी है। दो प्रकरणों में जांच पूरी कर दूसरे जनपदों में फर्जी शिक्षक होने का खुलासा किया है। एक तीसरे मामले में मैनपुरी और कन्नौज में तैनात शिक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह की जांच भी अंतिम दौर में पहुंच गई है। शिक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह को सोमवार को मूल अभिलेखों के साथ बीएसए कार्यालय में तलब किया गया है।
ये हुए बर्खास्त
धर्मेंद्र कुमार - शिक्षक
धीरेंद्र प्रताप सिंह- शिक्षक
दीप्ति- अनुदेशिका
दीप्ति- कस्तूरबा विद्यालय की शिक्षिका
इन मामलों मे हुआ खुलासा
- सुशील कुमार कौशल के नाम से मैनपुरी और फर्रुखाबाद दो जगह तैनाती का मामला आया। जिसमें जांच की गई। जांच के दौरान मैनपुरी का सुशील कुमार कौशल सही पाया गया। जबकि फर्रुखाबाद का सुशील कुमार कौशल फर्जी पाया गया।
- अनीता सिंह की मैनपुरी और फर्रुखाबाद में तैनाती का मामला सामने आया। मैनपुरी में तैनात अनीता सिंह के अभिलेख सही पाए गए। फर्रुखाबाद में तैनात शिक्षिका का रोका गया वेतन
जिन शिक्षकों की शिकायतें मिल रही हैं, उनकी सप्ताह के अंदर जांच कराई जा रही है। जो फर्जी मिल रहे हैं उनको बर्खास्त किया जा रहा है। शिक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह को अभिलेखों के साथ तलब किया गया है। कन्नौज बीएसए को भी अभी तक की जांच की रिपोर्ट भेजी गई है। - विजय प्रताप सिंह बीएसए