मैनपुरी। शहर के स्टेशन रोड स्थित कुछ दुकानों पर जींस व शर्ट पर एक नामी कंपनी का ट्रेड मार्क लगाकर बिक्री की जा रही थी। बुधवार को कंपनी के अधिकारियों ने चेकिंग में मौके से नकली माल पकड़ लिया। पांच दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
कोतवाली क्षेत्र में कुछ दुकानों पर जींस व शर्ट पर स्पार्की कंपनी का ट्रेड मार्क लगाकर बिक्री की जा रही है। इस शिकायत पर कंपनी के अधिकारी सुभाष चंद्र, निवासी राणा बिहार, गोकुलपुरी दिल्ली बुधवार को टीम के साथ मैनपुरी पहुंचे। उन्होंने रेलवे स्टेशन रोड स्थित कई दुकानों पर ग्राहक बनकर चेकिंग की। पांच दुकानों पर कंपनी के ट्रेड मार्क लगी जींस व शर्ट मिलीं। जांच पड़ताल की तो पता चला कि ट्रेड मार्क व जींस नकलीं हैं। कंपनी के अधिकारियों ने पुलिस के सहयोग से माल को जब्त कर लिया। कंपनी के अधिकारी ने दुकानदार आसिफ, आरिफ खान, अतीक अहमद, परवेज वारसी व ऋषि कुमार के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर कोतवाली अरविंद कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।