आगरा के टेढ़ी बगिया क्षेत्र में वर्षों से चल रहे नकली देसी घी के कारोबार का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गोदाम से नकली घी और ब्रांडेड पैकिंग सामग्री बरामद हुई है, जबकि नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
आगरा के थाना ट्रांसयमुना क्षेत्र में गोदाम में ब्रांडेड कंपनी के नाम के लेबल लगाकर 10 वर्षों से नकली घी बनाकर बेचा जा रहा था। कंपनी के प्रतिनिधि की शिकायत के बाद जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम के साथ पुलिस ने गोदाम पर छापा मारा। मौके से नकली घी और कंपनी के लेबल बरामद हुए हैं। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई कर रही है।
विज्ञापन
क्रीमी फूड लिमिटेड और वीआरएस फूड लिमिटेड कंपनी के प्रतिनिधि और विपणन अधिकारी नोएडा निवासी जितेंद्र सिंह ने बताया कि कंपनी के मधूसूदन और पारस देसी घी नाम से ब्रांड काफी प्रचलित हैं। काफी समय से कंपनी को ईंट की मण्डी के पास हाथरस रोड टेडी बगिया क्षेत्र में दोनों ब्रांड के नकली देसी घी बिकने की सूचना मिल रही थी। उन्होंने पहले खुद जाकर इसकी पुष्टि की। इसके बाद खाद्य एवं औषधि विभाग और थाना ट्रांसयमुना पुलिस को शिकायत की। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची। टीम को गोदाम स्वामी बाहर खड़ा मिला। पूछने पर अपना नाम विरेन्द्र सिंह निवासी गोकुल नगर फाउण्ड्रीनगर बताया। उसकी दुकान और गोदाम की तलाशी ली गयी।
विज्ञापन
अंदर कई कंपनियों के विभिन्न ब्रांडों के घी के टिन और पैकेट मिले। मधुसूदन ब्रांड के 15 किलो वजन के 4 टीन और पारस ब्रांड घी के 4 टिन नकली मिले। वीरेन्द्र ने पूछताछ में बताया कि वह करीब 10 वर्षों से यह काम बिना अनुमति और बिना बिल के कर रहा है।वह यह नकली माल विभिन्न दुकानो पर सप्लाई करता है। गत्ते पर छपे हुये प्रिंट तो सभी हूबहू नकल के पाये गये। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। कॉपी राइट एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है। हिरासत में लिए व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। गोदाम में मिला अन्य कंपनियों का माल सील किया गया है। आरोपी माल कहां से लाता था और अन्य माल के बारे में जांच की जा रही है।
अन्य ब्रांड की भी होगी जांच
पुलिस को शक है कि आरोपी किसी अन्य जगह से माल खरीद कर लाता है। पुलिस उस फैक्ट्री मालिक का भी पता लगा रही है। एफएसडीए की टीम ने सैंपल लेकर घी को जांच के लिए भेजा है। पुलिस को नकली घी बनाने के बड़े रैकेट की आशंका जता रही है।
बाजार में अलग-अलग कीमत में बिकता है घी
बाजार में अलग-अलग गुणवत्ता और कीमत के घी उपलब्ध हैं। पूजा के लिए और अंतिम संस्कार में इस्तेमाल करने के लिए भी घी बाजार में उपलब्ध है। देसी गाय का शुद्ध घी आमतौर पर 800 से 1,500 रुपये प्रति किलो तक बिकता है। भैंस का घी 700 से 1,000 रुपये प्रति किलो के बीच बिक रहा है। ब्रांडेड मिश्रित (ब्लेंडेड) घी 550 से 800 रुपये प्रति किलो है। स्थानीय और बिना ब्रांड वाले घी की कीमत 350 से 600 रुपये प्रति किलो तक रहती है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार कम कीमत पर बिकने वाला घी नकली और मिलावटी हो सकता है। केवल विश्वसनीय दुकानों से एफएसएसएआई लाइसेंस वाले ब्रांड का घी ही खरीदना चाहिए और बिल जरूर लेना चाहिए।