एटा डिपो की एक रोडवेज बस के परिचालक (कंडक्टर) के स्थान पर दूसरा व्यक्ति यात्रियों का टिकट बना रहा था। शिकायत के बाद शुक्रवार को एडीएम प्रशासन और सदर एसडीएम ने बस में आरोपी व्यक्ति को पकड़ लिया। इस पर एआरएम ने बस के परिचालक और चालक की संविदा समाप्त कर दी। बताया जा रहा है संविदाकर्मी परिचालक एआरएम का चचेरा भाई है।
शुक्रवार को डिपो की बस संख्या यूपी 81 एएफ 7790 पर एटा-अलीगढ़ व एटा-कासगंज मार्ग पर संविदा परिचालक संदीप कुमार और संविदा चालक सुमित को बस लेकर भेजा गया। इस दौरान किसी ने एडीएम प्रशासन आलोक कुमार और सदर एसडीएम शिवकुमार को सूचना दी कि बस में परिचालक के स्थान पर कोई दूसरा व्यक्ति यात्रियों की टिकट बना रहा है।
आरोपी के पास मिली टिकट मशीन
सदर एसडीएम को जांच में संविदा परिचालक संदीप कुमार के स्थान पर मलावन के सोहार का श्यामकांत मिला। उसके पास टिकट मशीन सहित अन्य प्रपत्र भी मिले। बस स्टैंड प्रभारी अजय पाल यादव ने संविदाकर्मी चालक-परिचालक सहित बाहरी व्यक्ति के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं एआरएम ने चालक-परिचालक की संविदा समाप्त कर दी है।
एआरएम राजेश यादव ने बताया कि मामला सामने आने के बाद चालक और परिचालक पर कार्रवाई की गई है। दोनों ही संविदा कर्मचारी थे।