रक्षाबंधन से पहले आगरा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और नकली दूध, पनीर व खोआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अब तक करीब 10 हजार लीटर घटिया दूध और 5 हजार किलो मिलावटी पनीर-खोआ नष्ट कराया जा चुका है। 795 खाद्य नमूनों की जांच में 273 फेल मिले हैं। इनमें 200 मिलावटी और 53 पूरी तरह नकली पाए गए, जबकि दूध और उससे बने उत्पादों के नमूने सबसे ज्यादा फेल हुए।
रक्षाबंधन पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच मुनाफाखोरों ने लोगों की सेहत से खिलवाड़ शुरू कर दिया है। राजस्थान और मध्य प्रदेश से आगरा में खपाने लाई जा रही मिलावटी और नकली खाद्य सामग्री की बड़ी खेप को खाद्य सुरक्षा विभाग ने बीते दिनों पकड़ा था। विभाग अब तक करीब 10,000 लीटर घटिया दूध और लगभग 5,000 किलो मिलावटी पनीर व खोआ जब्त कर नष्ट करा चुका है। हाल ही में मुरैना से आ रहे 7,000 लीटर घटिया दूध को भी सड़क पर फिंकवाकर नष्ट किया गया था।
विज्ञापन
Trending Videos
सहायक आयुक्त (खाद्य-द्वितीय) महेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि त्योहारों पर मांग बढ़ने के कारण मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं। इसे रोकने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। हाल ही में प्राप्त 795 खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट में 273 नमूने फेल पाए गए हैं, जिनमें सबसे अधिक संख्या दूध, खोआ और पनीर की है। फेल हुए नमूनों में 200 मिलावटी, 53 पूरी तरह नकली, 13 नियमों के उल्लंघन और 7 मिसब्रांड के मामले शामिल हैं। इनके विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गई है।
टोल फ्री नंबर पर कर सकते हैं शिकायत
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता ने बताया कि मिलावटी-नकली सामग्री की आशंका पर उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 18001805533 और 0562-2970049 पर शिकायत कर सकते हैं।