कासगंज। अयोध्या में होने जा रही रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर लोगों में छाए उत्साह के बीच बाजार भी राममय हो गया है। बाजार में भगवान राम के मंदिर के मॉडल, रामचरितमानस, राम दरबार की मूर्तियां, केसरिया पट्टिका व केसरिया ध्वज की मांग बढ़ गई है। इससे कारोबारी खुश हैं। 20 लाख रुपये तक के कारोबार का अनुमान लगाया जा रहा है।राम लला की प्राण प्रतिष्ठा में अब छह दिन का समय शेष रह गया है। हर कोई इस शुभ घड़ी का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। घरों में दिवाली मनाने की तैयारियां तेज हो गई है। इस खास मौके को देखते हुए कारोबारियों ने भी अपनी तैयारियां की है। विक्रेताओं ने भगवान राम के मंदिर के मॉडल, राम दरबार की मूर्तियां, तस्वीर, रामनामी पट्टी, भगवान राम के चित्र बनी केसरिया ध्वज, रामचरितमानस आदि का स्टॉक किया है। विक्रेताओं ने सभी वर्ग के खरीदारों का ख्याल रखा है कि ग्राहक आसानी से उन्हें खरीद सकें। बाजार में लोग इनकी खरीदारी को पहुंचना शुरू हो गए हैं। आने वाले दिनों में उनकी संख्या बढ़ने का अनुमान है।