कासगंज के कल्यानपुर गांव में झोंपड़ी में आग लगने की घटना के बाद एकत्रित लोग।
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव कल्यानपुर में बंद मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। घटना में छह मवेशी जलकर मर गए। सूचना पर राजस्व एवं पशुपालन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मरे हुए मवेशियों का पोस्टमार्टम कराया गया है। वहीं राजस्व विभाग ने क्षति का आंकलन किया है। घटना शनिवार रात की है। गांव कल्यानपुर निवासी सुरेश कुमार पुत्र गयाप्रसाद ने नित्य की भांति शनिवार को ठंड से बचाव के लिए अपने छह पशुओं को एक मकान में बांध दिया था। मकान चारों तरफ से बंद था। रविवार सुबह लगभग 5 बजे जब सुरेश अपने पशुओं को चारा डालने के लिए पहुंचे और बंद मकान का दरवाजा खोल कर देखा तो उनके होश उड़ गए।
मकान में धुआं घुटा हुआ था और मकान में रखे कंडे जले हुए थे। यहां चार मवेशी जलकर और दो मवेशी दम घुटने से मर चुके थे। घटना की सूचना प्रशासन को मिली तो तहसीलदार अजय कुमार ने क्षेत्रीय लेखपाल प्रदीप सक्सेना एवं पशु चिकित्सा विभाग की टीम को मौके पर भेजा। पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने परीक्षण में पाया कि चार मवेशी जलकर और दो पशुओं की धुआं से दम घुट जाने के कारण मौत हुई। सभी मृत पशुओं का पोस्टमार्टम पशु चिकित्सा विभाग ने कराया है। राजस्व विभाग ने क्षति का आकलन किया है। लेखपाल ने अपनी रिपोर्ट तहसीलदार को सौंप दी है। पीड़ित सुरेश ने बताया कि उसके परिवार में आय का जरिया सिर्फ पशुपालन है। अब परिवार को आर्थिक आय कहां से आएगी।