वाइस ऑफ स्कूल एसोसिएशन (वोसा) की ओर से शनिवार को सूरसदन प्रेक्षागृह में मंडल के 500 शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान हुआ। पांच विद्यालय संस्थापकों को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड दिया गया। द्रोणाचार्य अवार्ड पाकर शिक्षक उत्साहित दिखे।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डा. राहुल राज ने समारोह का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से शिक्षकों को पहचान पत्र जारी करने की मांग की गई है। जिस पर उनको रेलवे और बस के किराये में 25 फीसदी तक की छूट दी जाए। प्रदेश अध्यक्ष के साथ महासचिव डा. अतुल कुलश्रेष्ठ ने वोसा टुडे मैगजीन का विमोचन किया। महासचिव ने कहा कि यह पत्रिका प्रतिवर्ष प्रकाशित की जाएगी।
लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड पाने वालों में ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल, मथुरा के मोहन स्वरूप भाटिया, ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल, फीरोजाबाद की रजनी यादव, मिल्टन ग्रुप ऑफ स्कूल, आगरा के राजकुमार कुलश्रेष्ठ, हिलमैन पब्लिक स्कूल के एससी पोखरियाल, संस्कार भारती नाट्य महोत्सव के संस्थापक केशव प्रसाद सिंह रहे। वोसा के सदस्यों ने सम्मान समारोह के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह में रवींद्र सिंह भदौरिया, लाखन सिंह कुशवाह, क्रिस्टीना पीटर, ललितेश यादव आदि मौजूद रहे।