कासगंज में बैठक करते क्षत्रिय समाज के लोग
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। क्षत्रिय समाज पर अभद्र टिप्पणी करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों में आक्रोश बरकरार है। महासभा ने चेतावनी दी है कि आरोपी की गिरफ्तारी न हुई तो आंदोलन करेंगे। पुलिस ने भी मामले में जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि आरोपी की फेसबुक आईडी की जांच के लिए फेसबुक मुख्यालय से जानकारी की जाएगी।
फेसबुक पर यूजर सुजीत सत्यदर्शी पर अशोभनीय टिप्पणी करने का आरोप है। क्षत्रिय महासभा की तहरीर पर ढोलना थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। पदाधिकारी आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। महासभा के जिलाध्यक्ष ब्रजेंद्र सिंह गौर के आवास पर पहुंचे कई नेताओं ने आंदोलन की रूपरेखा बनाई है। पुलिस ने मामले में जांच आगे बढ़ाई है। पुलिस का दावा है कि फेसबुक आईडी की जांच फेसबुक मुख्यालय से सहयोग मांगकर कराई जाएगी।
आज भाकियू अध्यक्ष से मिलेंगे क्षत्रिय नेता
युवा क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष वरुण चौहान, युवा नेता कबीर प्रताप सिंह, मनोज कुमार, दुष्यंत ठाकुर ने कहा कि क्षत्रिय नेताओं का प्रतिनिधि मंडल बुधवार को भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप से मिलेगा। क्योंकि सुजीत सत्यदर्शी भाकियू का पदाधिकारी है। उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।
- आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फेसबुक मुख्यालय कैलिफोर्निया को पत्र भेजा जाएगा। वहां से सहयोग मांगा जाएगा। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
विनोद कुमार मिश्रा, थाना प्रभारी ढोलना।
भाकियू ने बुलाई बैठक
आरोपी सुजीत सत्यदर्शी भारतीय किसान यूनियन भानु के मीडिया प्रभारी हैं। उनके समर्थन में भाकियू के जिलाध्यक्ष आशीष पांडे ने पदाधिकारियों की बैठक बुधवार को गढ़ी हरनाठेर में बुलाई है।