गंजडुंडवारा। क्षेत्र के कादरगंज रोड पर दो टेंपो के बीच आमने सामने से टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों टेंपो में सवार छह लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि गंभीर रुप से घायल दो को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया।
हादसे का शिकार टेंपों कादरगंज से यात्रियों को लेकर गंजडुंडवारा जा रहा था। इस दौरान टेंपो जैसे ही भुजपुरा मोड़ के समीप पहुंचा तभी गंजडुंडवारा की ओर से आ रहे एक अन्य टेंपो से आमने सामने टक्कर हो गई। इस दौरान दोनों टेंपो में सवार यात्री घायल हुए साथ ही मौके पर चीख पुकार मच गई। बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। घायलों को टेंपो से बाहर निकाल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इस दौरान हादसे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच दुर्घटना में लाल सिंह, आसमा, तरन्नुम, वशीर, ताहिर और अलीमुद्दीन निवासी सुजावलपुर शामिल हैं। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने लाल सिंह और अलीमुद्दीन की स्थिति गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।