मैनपुरी। फर्जी शिक्षकों पर कार्रवाई न करने वाले तीन कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को जिला विद्यालय निरीक्षक ने नोटिस जारी किए हैं। एक सप्ताह के भीतर तीनों शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिले के नर सिंह इंटर कॉलेज करहल में तैनात शिक्षक संदीप नायक पुत्र रामसरन नायक निवासी एत्मादपुर आगरा, एके इंटर कॉलेज बरनाहल में कार्यरत शिक्षिका सीमा देवी पुत्री मलिखान सिंह निवासी विजय नगर इटावा व मोहन इंटर कॉलेज लाखनमऊ में कार्यरत अश्वनी चौधरी पुत्र विजय सिंह निवासी सिरवा जलालपुर मेरठ के अभिलेख जांच के दौरान फर्जी पाए गए थे। जिस पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने तीनों शिक्षकों के विरुद्ध एफआईआर कराने के निर्देश प्रधानाचार्यों को दिए थे। प्रधानाचार्यों ने दो पत्र पहुंचने के बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया। अब डीआईओएस ने प्रधानाचार्यों को पूर्व में भेजे गए पत्रों का संज्ञान न लेने पर नोटिस जारी करते हुए चेतावनी दी है कि सात दिन के अंदर संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध एफआईआर कराते हुए सूचना उनके कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। अन्यथा की स्थिति में उन्हें भी फर्जीवाड़े में संलिप्त मानते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को लिखा जाएगा।
तीन बार जारी हो चुके हैं पत्र
तीनों शिक्षकों के अभिलेख जांच में फर्जी पाने के बाद डीआईओएस अब तक तीन बार प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर चुके हैं। पहला पत्र तीन अक्तूबर 2019 को जारी किया गया था। दूसरा पत्र छह नवंबर 2019 को जारी किया गया। अब 28 जनवरी 2020 को तृतीय पत्र नोटिस के रूप में जारी करते हुए चेतावनी दी गई है।
समायोजन के तहत पाई थी तैनाती
मैनपुरी। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की सतर्कता के कारण इन शिक्षकों को अभी तक वेतन जारी नहीं किया जा सका है। ये तीनों शिक्षक वर्ष 2019 में समायोजन के तहत जिले में तैनात हुए थे। जब इनकी जांच सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद से कराई गई तो इनका समायोजन अवैध पाया गया। सचिव माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड प्रयागराज ने उनका समायोजन 19 सितंबर 2019 को अवैध बताया था।
तीनों प्रधानाचार्यों को पूर्व में दो बार पत्र भेजे गए थे, लेकिन उनके द्वारा सचिव के निर्देश के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। प्रधानाचार्यों को चेतावनी दी गई है। निश्चित समय पर पत्र का संज्ञान नहीं लिया तो उनके विरुद्घ कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।
सर्वेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक