ताजमहल में सोमवार को लू से अमेरिकी पर्यटक समेत 6 लोगों को चक्कर आ गया। 47.8 डिग्री तापमान में पत्थर व संगमरमर भी दहक रहे थे। सोमवार की दोपहर अमेरिकी पर्यटक साबित्री सूक्राम सेंट्रल टैंक पर चक्कर आने से गिर पड़ीं। उन्हें व्हीलचेयर से डिस्पेंसरी तक ले जाया गया। वहां से उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। इसी तरह शाहाबाद से आई मानसी अग्रवाल, रंगारेड्डी से आई महिला पर्यटक और गुजरात से आई जीआर पांड्या की तबीयत खराब हो गई। ताजमहल डिस्पेंसरी के चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार की दवाएं और ओआरएस पाउडर दिया।
सुबह आएं पर्यटक
टूरिज्म गिल्ड ऑफ आगरा के अध्यक्ष राजीव सक्सेना ने सभी ऑपरेटर को सलाह दी है कि अपने पर्यटकों को ताजमहल का दीदार सुबह 6 से 9 बजे के बीच और शाम को 5 से 7 बजे के बीच ही कराएं। दोपहर में वह छायादार जगहों का ही भ्रमण कराएं। तेज धूप में पर्यटकों को घुमाने से बचें और ठंडे पानी के साथ लू से बचाव के लिए छाते और अन्य व्यवस्थाएं करके ही ले आएं।
धूप में पैदल चलने से दिक्कत
ताजमहल में पूर्वी और पश्चिमी गेट पार्किंग से लौटने तक पर्यटक लगभग 4 किमी तक पैदल चल रहे हैं। गोल्फ कार्ट ताजमहल पूर्वी गेट पर पाठक प्रेस के सामने उतार रही है। पश्चिमी गेट पर यह नीम तिराहे तक ही आ रही है। इसके बाद ताज के फोर कोर्ट में 300 मीटर, रॉयल गेट से ताज के गुंबद तक 350 मीटर और चमेली फर्श से लेकर मेहमानखाने और मस्जिद तक 400 मीटर धूप में ही पैदल चलना पड़ता है। इसके बाद वापसी में एक किमी की दूरी इन जगहों से और ताज के पूर्वी गेट पर ताज खेमा तक 200 मीटर दूरी तक पैदल चलना होता है। पार्किंग तक वापसी में 4 किमी तक 47 डिग्री से ज्यादा तापमान में भ्रमण करने से ही पर्यटक लू के शिकार हो रहे हैं।
लगवाएं ग्रीन नेट
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चौहान ने बताया कि जिस तरह शहर में चौराहों पर ग्रीन नेट लगवाए हैं, वैसे ही ताजमहल पर पूर्वी गेट और पश्चिमी गेट पर ग्रीन नेट लगवाए जाएं। साथ ही पर्यटकों को पानी की ठंडी बोतल दी जाए।
पर्यटकों को हो रही परेशानी
गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष शमशुद्दीन ने बताया कि भीषण गर्मी में पर्यटक बेहोश हो रहे हैं। ताज पर आने वाले पर्यटकों को ठंडा पानी और छाता दिया जाए। बाहर कुछ जगह जैसे पार्किंग, गोल्फ कार्ट वेटिंग एरिया में ग्रीन नेट लग जाए तो कुछ राहत मिलेगी।