कासगंज। सीबीएसई की बोर्ड की परीक्षा में नकल रोकने के लिए जिले में कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। परीक्षा में आंतरिक कक्ष निरीक्षकाें के अलावा अन्य स्कूलों के शिक्षकों की बतौर कक्ष निरीक्षक ड्यूटी लगेगी। एक कक्ष में दो कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी।सीबीएसई की बोर्ड की परीक्षाएं 19 फरवरी से शुरू होंगी। परीक्षा के लिए सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल को नोडल केंद्र बनाया गया है परीक्षा में नकल रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। तीनों केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा होगी। परीक्षा के दौरान मोबाइल व अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस प्रतिबंधित रहेंगी। सीबीएसई के ऑब्जर्वर भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा सचल दल के माध्यम से भी चेकिंग की जाएगी। नोडल विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंद शर्मा ने बताया कि सभी केंद्रों पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। बोर्ड के निर्देशानुसार सभी व्यवस्थाएं की जाएंगी। बोर्ड से ऑब्जर्वर भी नियुक्त किए गए हैं।