कुंवर आरसी इंटर कॉलेज में परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों की तलाशी लेते पुलिसकर्मी।
मैनपुरी। जिले के 13 केंद्रों पर उप्र पुलिस भर्ती परीक्षा आयोजित हो रही है। परीक्षा के तीसरे दिन सभी केंद्रों पर पुलिस सुरक्षा पुख्ता रही। परीक्षा में सख्ती के बीच गणित के कठिन सवालों ने अभ्यर्थियों को पसीना निकाल दिया। डीएम एसपी सचलदलों के साथ परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करते रहे। सीसीटीवी से भी परीक्षा की निगरानी की गई।
रविवार की परीक्षा के लिए शनिवार की रात से ही अभ्यर्थियों ने जनपद पहुंचना शुरू कर दिया था। तीसरे दिन परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता की गई। मुख्य गेट पर महिला और पुरुष कांस्टेबलों ने तीन चरणों की तलाशी ली। मेटल डिटेक्टर और आधार स्कैन की निगरानी के दौरान पुलिस अधिकारी निरीक्षण करते रहे। तीसरे दिन जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, एडीएम रामजी मिश्र, एएसपी राहुल मिठास के साथ सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा का निरीक्षण करते रहे। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि गणित के सवाल कठिन थे।
पहली बार जो परीक्षा थी वह प्रश्नपत्र सरल था। इस बार का प्रश्नपत्र कठिन आया है। प्रश्नपत्र का जवाब देने में परेशानी हुई। गणित के सवाल बहुत ही घुमा कर पूछे गए थे। - अमन पाल, औरैया
प्रश्नपत्र अधिक कठिन नहीं था लेकिन गणित और रीजनिंग के प्रश्न बड़ा ही घुमाकर पूछे गए थे। इसलिए उनका जवाब देने में दिक्कत हुई। उम्मीद है कि अच्छे अंक आएंगे। - सागर, फर्रुखाबाद
पहले से इस बार प्रश्नपत्र सरल रहा। रीजनिंग और जीएस के प्रश्न तो ठीक हो गए। गणित के प्रश्नों का जवाब देने में दिक्कत हुई। गणित में नंबर अच्छे आना मुश्किल है।
- विकास, कानपुर
बार-बार परीक्षा होने से मानसिक रूप से परेशानी होती है। पहलीबार जितने उत्साह से परीक्षा दी थी उतना उत्साह अब नहीं था। सरकार को प्रश्नपत्र आउट होने पर रोक लगानी चाहिए
अमित राजपूत, फर्रुखाबाद