आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाएं सात-आठ मार्च से कराने की तैयारी है। एक हफ्ते के अंदर परीक्षा की समय सारिणी जारी की जानी है। अभी तक संस्थागत परीक्षार्थियों के फार्म नहीं भरे जा सके हैं।
कुलपति डॉ. अरविंद कुमार दीक्षित ने 13 दिसंबर को जेपी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एक मार्च से परीक्षा कराने की बात कही थी। होली को देखते सात या आठ मार्च से परीक्षा कराने की योजना बनाई गई है।
जनसंपर्क अधिकारी डॉ. गिरजाशंकर शर्मा का कहना है कि परीक्षा की समय सारिणी तैयार करने पर काम चल रहा है। समय सारिणी परीक्षा से करीब एक माह पूर्व जारी कर दी जाएगी। इससे छात्र-छात्राएं पाठ्यक्रम का विभाजन कर रिवीजन कर सकेंगे।
जो कॉलेज परीक्षा शुल्क देते जा रहे हैं, उनकी लॉगिन आईडी परीक्षा फार्म भरने के लिए खोल दी जा रही है। फार्म भरे जाने की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी कराने की कोशिश की जा रही है।