मैनपुरी। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस प्रशासन सतर्कता बरत रही है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को जिले भर में राजनीतिक दलों के वाहन की चेकिंग की गई। इस दौरान कुरावली में वाहन चेक करने को लेकर पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव की पुलिस से झड़प हो गई।
एसपी कमलेश दीक्षित के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को जिलेभर में सभी राजनीतिक दलों के वाहनों की चेकिंग का अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान सीओ संजय वर्मा पुलिस और अर्धसैनिक बल के साथ कुरावली में वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव का काफिला वहां से गुजरा। चेकिंग के दौरान पूर्व सांसद नाराज हो गए और पुलिस पर मनमानी का आरोप लगाते हुए विरोध करने लगे। कहा कि वे लोग सिर्फ हमारे वहां चेक कर रहे हैं। भाजपा के वाहन चेक नहीं किए जा रहे हैं। सीओ ने कहा की वह सभी दलों के वाहन चेक कर रहे हैं। किसी से कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है। काफी देर तक पुलिस से झड़प हुई। बाद में पूर्व सांसद वहां से चले गए।