मैनपुरी। शासन की ओर से भारतीय जनसंचार संस्थान के सहयोग से छात्रों को हर महीने मीडिया सूचना साक्षरता प्रशिक्षण दिया जाएगा। पांच घंटे हिंदी और पांच घंटे अंग्रेजी संस्करण के प्रशिक्षण का प्रसारण ऑनलाइन किया जाएगा। इसके लिए एक लिंक जारी किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर प्रशिक्षण के लिए छात्रों को जागरुक करने के निर्देश दिए हैं।
डीआईओएस सतीश कुमार ने बताया कि शासन की मंशा है कि छात्र-छात्राओं को मीडिया के प्रति आलोचनात्मक सोच और जागरुकता पैदा की जाए। इसी उद्देश्य से मीडिया सूचना साक्षरता प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया गया है। हर महीने के तीसरे सप्ताह में हिंदी संस्करण का पांच दिन एक-एक घंटे यह प्रशिक्षण ऑनलाइन प्रसारित किया जाएगा। वहीं महीने के चौथे सप्ताह में अंग्रेजी संस्करण का प्रशिक्षण ऑनलाइन प्रदान किया जाएगा। प्रसारण का समय शाम 4:30 बजे से 5:30 बजे का रहेगा।
अगस्त माह में हिंदी संस्करण का प्रशिक्षण 19 से 23 अगस्त तक प्रसारित होगा। इसका शुभारंभ सोमवार से हो गया। वहीं अंग्रेजी माध्यम का प्रशिक्षण 26 अगस्त से 30 अगस्त तक प्रसारित किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिले के सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रशिक्षण के लिए जारी लिंक के अनुसार छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण से जोड़ने का कार्य करें। डीआईओएस ने कहा कि अभिभावक और प्रशिक्षक शिक्षक भी इस प्रशिक्षण का ज्ञान प्राप्त कर सकते हैं।