फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lockdown Agra: दवा की दुकानों के लिए यह योजना लागू, खोल सकेंगे फुटकर व थोक की दुकानें

Thu, 26 Mar 2020 09:41 AM IST
Abhishek Saxena न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा

सार

दवा की दुकानों के लिए सम-विषम फार्मूला आज से
विज्ञापन
दवा की दुकान - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रशासन ने दवा की दुकानों को खोलने के लिए सम-विषम फार्मूला तय किया है। सम तारीख में फुटकर मेडिकल स्टोर और विषम तारीख पर थोक की दुकानें खोली जाएंगी। डीएम ने दवा व्यापारियों की बैठक के बाद यह तय कर दिया है। फुटकर की दुकानें दोपहर में पांच घंटे और थोक की दुकानें तीन घंटे ही खुलेंगी। नई व्यवस्था बृहस्पतिवार से लागू होगी।
विज्ञापन


सम तारीख में फुटकर मेडिकल स्टोर दोपहर 12 से पांच बजे तक और विषम तारीख में थोक की दुकानें दोपहर 12 से तीन बजे तक खोली जाएंगी। जिले में थोक की 1800 और फुटकर की 2500 से अधिक मेडिकल स्टोर हैं।

बुधवार को डीएम आवास पर दवा व्यापारियों के साथ बैठक की, जिसमें डीएम ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए भीड़ कम करने को सम-विषम फार्मूला लागू करने की हिदायत दी। इसके साथ ही दवा व्यापारियों के लिए गाइड लाइन भी बनाई है।
विज्ञापन

ड्रग इंस्पेक्टर जुनाब अली ने बताया कि सम-विषम फार्मूला का पालन न करने वाले और एमआरपी से अधिक कीमत लेने वालों के लाइसेंस निरस्त कर दिए जाएंगे। इसमें आगरा फार्मा एसोसिएशन के अध्यक्ष ओमप्रकाश, महामंत्री महेश अग्रवाल, मीडिया प्रभारी पुनीत कालरा, आगरा महानगर केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष शर्मा और संस्थापक गिरधारी लाल भगत्यानी ने सभी विक्रेताओं को नए फार्मूले पर दुकान खोलने को कहा है। 

ग्राहक चाहे तो होम डिलीवरी करा सकता है दवा
विक्रेता को दुकान के बाहर और आसपास स्टोर का नाम और फोन नंबर-व्हाट्सएप नंबर की पैम्फलेट लगवाने होंगे, अगर कोई ग्राहक दवाएं घर मंगवाता है तो दुकानदार होम डिलीवरी करेगा।
 
इसका अतिरिक्त चार्ज नहीं लिया जाएगा। हर दुकानदार के डिलीवरमैन को एसोसिएशन पास जारी करेंगे, इसमें दुपहिया वाहन पर एक ही डिलीवरमैन जा सकेगा। चार पहिया वाहनों को पास नहीं दिया जाएगा। 
 
विज्ञापन

इन गाइड लाइन का भी करना होगा पालन
- दुकान का आधा शटर ही खोला जाएगा, दुकानों पर दो ही लोग मौजूद रहें।
- दुकान के बाहर विक्रेता का फोन नंबर और व्हाटसएप नंबर दर्ज करना होगा।
- विक्रेता एमआरपी में छूट देना चाहें तो दें, लेकिन अधिक चार्ज नहीं लेंगे। 
- स्टोर पर दवा लेने आता है तो लोगों में एक मीटर की दूरी बरत कर लाइन लगवाई जाए। 

बुधवार को पुलिस ने बंद कराए फुटकर मेडिकल स्टोर
पुलिस ने बुधवार को फुटकर मेडिकल स्टोर नहीं खुलने दिए। सुबह करीब दस बजे जैसे ही मेडिकल स्टोर खोले तो पुलिस ने इनको बंद करा दिया। इस पर कई जगह दवा लेने आने वाले और विक्रेताओं की पुलिस से नोंकझोंक भी हुई।

विक्रेताओं ने फुटकर दवा खुलने के आदेश की बात कही, लेकिन पुलिस ने नहीं मानी। कहा कि डीएम का आर्डर हो गया है, नए आदेश के तहत बृहस्पतिवार से दुकानें खोली जाएंगी। आगरा जिला केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष आशू शर्मा ने बताया कि पुलिस ने डीएम का नया फार्मूला आने से पहले ही स्टोर बंद करा दिए, विक्रेताओं पर लाठी भी चलाई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें