मैनपुरी। श्री देवी मेला एवं ग्राम सुधार प्रदर्शनी को लेकर रूट डायवर्जन किया गया है। इसके साथ ही मेला परिसर के आसपास भारी वाहनों के प्रवेश आज से 26 अप्रैल तक बंद कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने श्रीदेवी मेला एवं ग्राम सुधार प्रदर्शनी को निर्बाध रूप से संपन्न कराए जाने को लेकर परिसर में भारी वाहनों के प्रवेश को शनिवार की सुबह से रोक दिया है। अब परिसर में कोई भी भारी वाहन प्रवेश नहीं कर सकेगा। अब कुरावली की ओर आने वाले भारी व बड़े वाहन रात10 बजे के बाद मैनपुरी चौराहा, कस्बा भोगांव से रोडवेज बस स्टैंड पहुंचेंगे। भोगांव की ओर से आने वाले वाहन मैनपुरी चौराहा कस्बा भोगांव से बस स्टैंड आएंगे। भोगांव से आगरा और इटावा की ओर जाने वाले वाहन किशनी होते हुए जाएंगे। मैनपुरी से कुरावली और एटा की ओर जाने वाले वाहन जेल चौराहा-भोगांव होते हुए जाएंगे।इटावा से आने वाले व कुरावली-एटा की ओर जाने वाले वाहन ज्योति तिराहा-पड़रिया चौराहा-कुरावली होते हुए जाएंगे। इसके अलावा नवरात्र पर माता शीतला देवी मंदिर परिसर के आसपास 200 मीटर की परिधि में ई-रिक्शा व सभी अन्य वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। शहर की ओर आने वाले ट्रैक्टर व अन्य चार पहिया वाहन किरन सौजिया कुरावली रोड, कोतवाली के पास खडे़ कराए जाएंगे।दो पहिया वाहनों को मंदिर परिसर के पास दक्षिण-पश्चिम में खाली पड़े स्थल पर पार्क कराया जाएगा। कुरावली की ओर से आने वाले दो पहिया वाहन कार आदि को अटल चौक, प्रदर्शनी स्थल के सामने खाली खेत पर पार्क कराया जाएगा। इसके अलावा वाहनों को खड़ा करने के लिए अन्य व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।