लखनऊ में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में दुनियाभर के उद्यमियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे, जहां आगरा के उद्यमियों ने भी हिस्सा लिया। इस समिट के दौरान स्थानीय स्तर पर आगरा के सूरसदन में निवेशकों को सम्मानित किया गया। आगरा में 301 उद्यमी 3.35 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेंगे, जिसके लिए 280 उद्यमियों के साथ करार भी हो चुके हैं। शुक्रवार को सूरसदन में इन्वेस्टर्स समिट का लाइव प्रसारण किया गया। जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने सूरसदन में लाइव प्रसारण देखा और उसके बाद निवेशकों को सम्मानित किया।
इसमें प्रोजेक्ट लगाने के लिए एमओयू करने वाले भीमसेन बैजनाथ ग्रुप के योगेंद्र सिंघल, जेएम आइस एंड कोल्ड स्टोरेज से देवेंद्र कुमार, टीईपी इंडिया ऑटोमेशन से नीतू शर्मा, रोमसंस ग्रुप से विकास खन्ना, त्रिलोक इंटरप्राइजेज से विशन स्वरूप शर्मा, स्लीन इंडिया बिज वेंचर, आगरा इस्पात उद्योग से हर्ष गुप्ता, पोलर स्टील से राजेश एवं पूरन सिंह शामिल रहे। इन सभी को आगरा में विभिन्न श्रेणियों में निवेश प्रस्ताव देने के लिए कमिश्नर अमित गुप्ता, डीएम नवनीत सिंह चहल ने सम्मानित किया।
280 उद्यमियों से हो चुके एमओयू
संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार ने बताया कि जिले में 301 उद्यमियों से 3,35,710 करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से 2,18,041 करोड़ रुपये के 280 उद्यमियों के प्रस्ताव पर करार हो चुके हैं। फिरोजाबाद में 15,120 करोड़ रुपये, मथुरा में 25198 करोड़ और मैनपुरी में 4295 करोड़ रुपये के प्रस्ताव मिले हैं। इनसे ढाई लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, यूपी लघु उद्योग निगम उपाध्यक्ष राकेश गर्ग, विधायक धर्मपाल सिंह, पुरषोत्तम खंडेलवाल, छोटेलाल वर्मा, जीएस धर्मेश, बाबूलाल चौधरी, मंडलायुक्त अमित गुप्ता, डीएम नवनीत सिंह चहल, पुलिस आयुक्त प्रीतिंदर सिंह आदि रहे।