कक्षा सात की छात्रा की सहपाठी ने ही फेसबुक पर फर्जी आईडी बना दी। इसके बाद प्रोफाइल में आपत्तिजनक बात लिख दी। परिजनों ने पुलिस से शिकायत की है। साइबर क्राइम सेल की जांच में पूरा मामला सामने आया।
न्यू आगरा क्षेत्र स्थित अंग्रेजी माध्यम स्कूल में दोनों छात्राएं कक्षा सात में पढ़ती हैं। पिछले दिनों पीड़ित छात्रा को पता चला कि फेसबुक पर उसके नाम से एक आईडी बनाई गई है। उसके बारे में गलत लिखकर बदनाम किया जा रहा है। प्रोफाइल में भी आपत्तिजनक बातें लिखी हैं।
छात्रा ने परिजनों को जानकारी दी। उन्होंने पुलिस से शिकायत की। साइबर क्राइम सेल की जांच में पता चला कि छात्रा के नाम से फर्जी आईडी उसकी कक्षा में ही पढ़ने वाली एक अन्य छात्रा ने बनाई थी। आरोपी के परिजनों को उसकी हरकत के बारे में बताया गया। हालांकि पीड़ित छात्रा के परिजनों ने अपनी शिकायत वापस ले ली। उसकी यह हरकत करने का कारण पता नहीं चल सका है।