फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: नहरों की सफाई में अभियंताओं ने जमाई पानी पर मलाई

विज्ञापन
सिल्ट सफाई में धांधली
विज्ञापन
आगरा। नहरों की सफाई में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। नहरों में दो फुट पानी भरा है। सिल्ट सफाई के लिए तीन करोड़ का बजट मिला। लेकिन, सिल्ट निकाले बिना सिंचाई अभियंताओं ने पानी पर मलाई जमाई। घास छिलाई कर माप पुस्तिकाएं भरी जा रही हैं। मंगलवार को जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया नहर सफाई की हकीकत जानने पहुंची, तब फर्जीवाड़े की पोल खुली।
विज्ञापन

जिले में आलू और गेंहू की बुआई शुरू हो गई है। 1.50 लाख से अधिक किसानों को सिंचाई के लिए पानी की जरूरत है। 70 से अधिक नहर व माइनर बंद हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया मंगलवार को सत्यापन के लिए श्यामो नहर और टर्मिनल रजवाह पहुंची। नहर की पटरियों पर घास छिली मिली। लेकिन, तलहटी में सिल्ट जमा थी। उधर, बिचपुरी नहर पर अजब ही कारनामा मिला। बंद नहर में करीब दो फुट पानी है। पानी सूखे बिना सिल्ट नहीं निकाली जा सकती। लेकिन, यहां फर्जी ढंग से कागजों में सिल्ट सफाई हो गई।
सेहता और साही नहर भी सिल्ट से अटी पड़ी है। किसानों ने जिला पंचायत अध्यक्ष को बताया कि नहर सफाई के नाम पर ठेकेदार और सिंचाई अभियंताओं ने सरकारी धन का बंदरबांट किया है। नहरों में पानी छोड़े जाने के बाद सिल्ट सफाई का सत्यापन भी नहीं हो सकता। जिला किसान सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य वीरेंद्र सिंह ने कहा कि ठेकेदारों के भुगतान पर रोक लगाई जाए। जांच के लिए शासन स्तर से तकनीकी टीम गठित होनी चाहिए। माप पुस्तिकाओं में फर्जी प्रविष्टियां दर्ज की गई हैं।
विज्ञापन


अधिशासी अभियंता के खिलाफ कार्रवाई को लिखा पत्र
- जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने लोअर खंड सिंचाई विभाग अधिशासी अभियंता नीरज कुमार के विरुद्ध कार्रवाई के लिए मुख्य अभियंता और शासन को पत्र लिखा है। उन पर नहर सफाई में अनियमितताएं बरतने, निर्देशों का पालन नहीं करने, प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करने व लापरवाही के आरोप हैं। इधर, मंगलवार को बालूगंज स्थित जिला पंचायत कार्यालय सिंचाई बंधु की बैठक थी। अधिशासी अभियंता नीरज कुमार बैठक में नहीं पहुुंचे। अध्यक्ष को बैठक स्थगित करनी पड़ी।

सिंचाई के लिए पानी को तरसेंगे 80 हजार किसान
- सिकंदरा रजवाह, टर्मिनल रजवाह, बड़ी नहर फतेहपुर सीकरी सहित 70 से अधिक नहरों का जिले में करीब 600 किमी. लंबा जाल फैला है। एक लाख से अधिक किसान नहरों से सिंचाई करते हैं। नहरों की सफाई में लापरवाही से टेल तक पानी नहीं पहुंचेगा। ऐसे में आलू और गेंहू बुआई कर चुके करीब 80 हजार किसान रबी फसलों में सिंचाई के लिए पानी को तरसेंगे।


अधीक्षण, अधिशासी सहित 12 अभियंताओं के विरुद्ध आरोप पत्र
- किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने बताया कि नहरों की सफाई में फर्जीवाड़ा के दाग पुराने हैं। वर्ष 2012-13 में नहर सफाई के नाम पर करीब पांच करोड़ रुपये के बंदरबांट में तत्कालीन अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता सहित 12 अभियंताओं के विरुद्ध आरोप पत्र दाखिल हो चुका है। तत्कालीन मंडलायुक्त मंजीत सिंह ने नहर सफाई में हुए घोटाले की जांच कराई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें