आगरा में 72.5 एकड़ क्षेत्र में फैले पालीवाल पार्क से एक सप्ताह के अंदर अतिक्रमण हटवाए जाएंगे। सड़कों पर लाइटें लगाई जाएंगी और टूटी बाउंड्री व रेलिंग पर एडीए की ओर से एक सप्ताह में एस्टीमेट तैयार किया जाएगा। गुड मार्निंग आगरा संस्था की याचिका पर हाईकोर्ट में यह शपथपत्र उद्यान अधीक्षक ने दिया है, जिस पर छह जुलाई को सुनवाई होनी है।
संस्था संरक्षक केसी जैन की याचिका पर उद्यान अधीक्षक ने शपथ पत्र दिया है। उन्होंने बताया है कि नगर निगम पार्क में स्ट्रीट लाइटें लगाएगा। एक सप्ताह में सभी अतिक्रमण हटा दिए जाएंगे। पार्क में आश्रयहीन कुत्तों और आवारा जानवरों पर नगर आयुक्त कार्रवाई करेंगे। पार्क में बच्चों के झूलों पर आने वाले खर्च का एस्टीमेट प्राधिकरण बनाएगा, जबकि नया पब्लिक टॉयलेट भी बनाना है। जलनिगम पाइप लाइन बिछाकर तय करेगा कि गंदा पानी पार्क में नहीं आ पाए। डीएम की अध्यक्षता में 20 मई को हुई बैठक में पार्क के रखरखाव पर निर्देश दिए गए हैं।
दिए गए थे ये सुझाव
उद्यान विकास समिति ने बायोडायवर्सिटी पार्क व मियावाकी पद्धति के अनुसार सिटी फोरेस्ट बनाने, पार्क के अमरूद के बाग वाले हिस्से में वॉकिंग ट्रैक, साइकिल ट्रैक बनाने, सिंचाई की व्यवस्था पाइप के जरिए करने का सुझाव दिया है। 19वीं शताब्दी की महारानी विक्टोरिया की कांस्य प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए संग्रहालय में उचित व्यवस्था करने की भी बात है। संस्था के डॉ. सुशील चंद गुप्ता, अतुल गुप्ता, राजेश खंडेलवाल, किशोर जैन, विजय सेठिया, रवि शंकर, अजय बंसल, चंद्र कुमार माहेश्वरी, मुकेश गर्ग, सुनील अग्रवाल आदि ने पार्क को आदर्श पार्क बनाने की अपील की।