शहर के लेनगंज में जाम से जूझते लोग
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। लोगों को जाम से निजात दिलाने और शहर को साफ-सुथरा बनाने के प्रयास नगर पालिका ने शुरू कर दिए हैं। इसी के तहत करीब पांच हजार फुटपाथ विक्रेताओं को शहर की सड़कों से हटाया जाएगा। नगर पालिका ने शहर में0 भी 20 स्थान पथ विक्रेताओं को स्थापित करने के लिए चुने हैं। पालिका की ओर से तैयार किए गए ब्लू प्रिंट के तहत पथ विक्रेताओं का पंजीकरण कराया जा रहा है।
शहर में फैला अतिक्रमण और सड़क के किनारे खड़े हथठेला और फुटपाथ व्यापारी जाम का प्रमुख कारण हैं। इनके कारण शहर की सड़कों पर हर समय गंदगी रहती है। शहर को जाम से मुक्ति दिलाने और साफ स्वच्छ बनाने के लिए पालिका ने पथ विक्रेताओं को सड़कों से हटाने का निर्णय लिया है। जल्द ही तीन हजार हथठेला और दो हजार फुटपाथ व्यापारियों को अभियान चलाकर शहर की सड़कों से हटाया जाएगा। नगर पालिका पथ विक्रेताओं के पुनर्वास के लिए भी शहर में ही जगह तलाश रही है। करीब 20 स्थानों को फिलहाल चिह्नित किया गया है। कार्रवाई के लिए अधिशासी अधिकारी ने कर अधीक्षक और अवर अभियंताओं को जिम्मेदारी सौंपी है।
पंजीकृत पथ व्यापारियों को मिलेगा लाभ
शहर से पथ व्यापारियों को हटाए जाने से पहले पालिका ने इनका पंजीकरण शुरू कर दिया है। पंजीकृत पथ व्यापारियों को ही पालिका चिह्नित जगह पर व्यापार करने के लिए स्थान देगी। अब तक 570 पथ विक्रेता अपना पंजीकरण करा चुके हैं। उन्हें प्रमाणपत्र के साथ ही पहचान पत्र भी जारी किया जा रहा है। प्रत्येक पथ विक्रेता को पंजीकरण के रूप में 50 रुपये की रसीद प्राप्त करनी होगी। इसके अतिरिक्त प्रतिमाह 150 रुपये शुल्क जमा करना पड़ेगा।
इन स्थानों को किया जा रहा है चिह्नित
पथ विक्रेताओं को स्थानांतरित करने के लिए पुराना तहसील भवन, मंडी धर्मदास, नवीन गल्ला मंडी परिसर, राजकीय इंटर कॉलेज के सामने आदि नगर पालिका के नियंत्रण में आने वाले स्थानों को चयनित किया जा रहा है।