मथुरा में कब्जाधारियों के हौसले अब इतने बढ़ गए हैं कि वे इंसान तो इंसान मुर्दों के लिए बनी जमीन भी नहीं छोड़ रहे हैं। भगवान कृष्ण के गांव नंदगांव में लोगों ने श्मशान की भूमि तक पे कब्जा कर लिया है। यह बात नगर पंचायत की ओर से दी गई रिपोर्ट में सामने आई।
बता दें के उत्तर प्रदेश में शासन ने सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त करने के आदेश दिए हैं। इस प्रक्रिया में मथुरा में जिला स्तर पर अतिक्रमण वाली जमीनों का आंकड़ा जुटाया जा रहा है। इस प्रक्रिया में नंदगांव से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार यहां सार्वजनिक उपयोग वाली भूमियों पर कब्जे की स्थिति भयाभय है।
यहां धार्मिक आस्था वाले कृष्ण कुंड, केम का कुंड, कारेलावन कुंड, छाछ कुंड, तालाब, पावन कुंड, बहकमन कुंड, बेलनवन कुंड, मधुसूदन कुंड, मनिहारी कुंड, ललिता कुंड, सूरज कुंड पर कहीं आंशिक रूप से पक्के मकान बने हैं तो कहीं बुर्जी बिटौरा रखकर कब्जा कर लिया गया है। इन सभी कुंड का महत्व भगवान श्रीकृष्ण और राधाजी की लीलाओं से जुड़ा हुआ है।
इनके अलावा अवैध कब्जाधारियों ने धार्मिक महत्व से जुड़े कई मंदिर और बगीची भी कब्जा ली हैं। कुंड और मंदिर के अलावा यहां गौ रक्षा केंद्र, जूनियर हाईस्कूल फार्म, चारागाह, पंचायत घर, खलियान, मवेशी बैठक, कुम्हारों के लिए मिट्टी वाला स्थल, खाद के गड्ढे सहित अन्य सार्वजनिक उपयोग वाली जमीनों को भी लोगों ने कब्जा लिया है।
नंदगांव नगर पंचायत के ईओ नरेश कुमार ने एडीएम प्रशासन रमेश चंद्र को जो रिपोर्ट भेजी है, उसमें ये तक कहा गया है कि कब्जा करने वालों ने मरघट की जमीन को भी नहीं छोड़ा है। यहां भी जगह-जगह अवैध रूप से कब्जे कर लिए गए हैं।