कासगंज। कोतवाली क्षेत्र में एक चार्टर्ड एकाउंटेंट कार्यालय में काम करने वाले युवक ने फर्म के उपभोक्ताओं से धोखाधड़ी कर अपने खाते में मंगा लिए। जानकारी होने पर फर्म संचालक ने तकादा किया तो कार्यालय से उपभोक्ताओं के जीएसटी व डिजिटल सिग्नेचर लेकर चला गया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। वादी नवीन कुमार अग्रवाल ने बताया कि उनका भाई संजीव अग्रवाल चार्टर्ड एकाउंटेंट है। उन दोनों का संयुक्त कार्यालय मोहन गली करारी वाली में है। यहां शुभम सोमानी निवासी गंगेश्वर कॉलोनी काम करता है। आरोप है कि शुभम फर्म के ग्राहकों से अपने खाते में यूपीआई के माध्यम से रुपये मंगा लेता था। इसकी ग्राहकों ने कई शिकायतें की। एक अगस्त को जब फर्म संचालक ने उससे पूछताछ की तो शुभम ने 50 हजार रुपये की हेराफेरी करना स्वीकार किया। आरोप है कि इसके बाद वह दोपहर में कार्यालय से चला गया और अपने पिता उमाशंकर सोमानी के सहयोग से जीएसटी यूजर आईडी पासवर्ड और 15 उपभोक्ताओं के डिजिटल सिग्नेचर भी चोरी कर ले गया। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।