अमर उजाला ब्यूरो आगरा। कारगिल स्थित राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह के पुत्र के शांति फूड कोर्ट रेस्टोरेंट पर कर्मचारी ने खुदकशी कर ली। उसने अपने मोबाइल से शिलांग में रिश्तेदारों को इसकी जानकारी दी। वाट्सएप पर भेजे सुसाइड नोट में लिखा कि लॉक डाउन में घर जाने के लिए राज्यमंत्री की पुत्र वधू से मदद मांगी, लेकिन मदद नहीं की। मेघालय की एडीजी कानून व्यवस्था ने यहां एडीजी अजय आनंद को वह मैसेज फॉरवर्ड करते हुए मामले की जानकारी दी। इसके बाद मंगलवार सुबह पुलिस ने रेस्टोरेंट की छत से उसका शव बरामद कर लिया। शिलांग निवासी एल्ड्रिन लिंगदोह राज्यमंत्री चौ. उदयभान सिंह के पुत्र के सिकंदरा के कारगिल पेट्रोल पंप चौराहा स्थित शांति फूड कोर्ट रेस्टोरेंट में नौकरी करते था। उसने मंगलवार को शिलांग में रहने वाले अपने रिश्तेदार को वाट्सएप पर सुसाइड नोट भेजा। अंग्रेजी में लिखा सुसाइड नोट रिश्तेदारों ने मेघालय की एडीजी कानून व्यवस्था ईडा शीशा को भेजा। उन्होंने यहां एडीजी अजय आनंद को वह मैसेज भेजा। इसके बाद पुलिस हरकत में आ गई। एएसपी सौरभ दीक्षित पुलिस फोर्स के साथ रेस्टोरेंट पर पहुंचे। छत पर चढ़कर देखा गया तो टिन शेड में फंदे से युवक लटका मिल गया। सुसाइड नोट में उसने अपनी पूरी कहानी लिखते हुए हालातों का जिक्र किया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। यह लिखा सुसाइड नोट मैं एल्ड्रिन लिंगदोह हूं। एक गरीब परिवार में पैदा हुआ। माता-पिता की मौत हो चुकी है। मैं कुछ करने की चाहत में वहां से निकल आया। मैं अपनी जिंदगी बदलना चाहता था। मैं आगरा में कारगिल पेट्रोल पंप चौराहा के पास शांति फूड कोर्ट रेस्टोरेंट में काम कर रहा था। मोदी जी ने मेरे लिए सारे रास्ते बंद कर दिए। कोई जगह ऐसी नहीं थी जहां मैं जाता। रेस्टोरेंट मालिक ने भी मुझ पर दया नहीं की। मालकिन सीमा चौधरी से मैंने मदद मांगी। उन्होंने कह दिया कि जहां जाना हो वहां जाओ। मैंने कहा कि मेरी मदद करो। मैं कहीं नहीं जा सकता। मैंने केवल एक ही रास्ता देखा था सुसाइड का। मैं आपसे एक मदद चाहता हूं। अगर आप मानवता रखते हैं तो कृपया मेरे शव को मेरे टाउन में पहुंचा देना, जिससे मुझे शांति मिल सके। भगवान के नाम पर इतना कर देना। क्योंकि आज मैं नहीं रहूंगा। मैं मजाक नहीं कर रहा। सीमा चौधरी सोचती हैं कि उनके ससुर मंत्री हैं तो वे कुछ भी करेंगी। बॉक्स परिजनों का इंतजार एएसपी के मुताबिक, राज्यमंत्री के परिजनों ने बताया कि एल्ड्रिन पूर्व में चोरी में सिकंदरा थाने से जेल गया था। जमानत पर बाहर आया तो उसे टीवी की बीमारी हो गई थी। इसके बाद उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। छह माह से वह दिल्ली में ही नौकरी कर रहा था। लॉकडाउन के बाद यहां आ गया था। रेस्टोरेंट के कर्मचारियों से आकर मिला था। रेस्टोरेंट बंद था, इसलिए उसे काम पर नहीं रखा गया। वह सीढ़ी लगाकर छत पर चढ़ गया और खुदकशी कर ली। पुलिस इन सभी तथ्यों की जांच कर रही है। एएसपी ने बताया कि युवक की मोबाइल की कॉल डिटेल से यह पता किया जाएगा कि वह रेस्टोरेंट में कब से था। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा।