जाम में फंसे लोग आपस में कर रहे झगड़े, पुलिस नदारद
- फोटो : अमर उजाला
शहर में मंगलवार को भी लोगों को जाम से जूझना पड़ा। हाईवे के अलावा एमजी रोड पर पूरे दिन वाहन फंसे रहे। घंटों जाम में फंसे लोग झल्लाहट में आपस में झगड़े कर रहे हैं। कई जगह तो मारपीट की नौबत आ गई। कहीं जाम की समस्या शहर के अमन में पलीता नहीं लगा दे। पुलिस प्रशासन सड़कों पर लगने वाले जाम से बेखबर है।
बता दें, चुनावी ड्यूटी के कारण थानों के अलावा ट्रैफिक पुलिस भी नदारद है। व्यस्ततम चौैराहों पर भी एक दो होमगार्ड ही ट्रैफिक को संभालने का काम कर रहे हैं। ऐसे में हाईवे पर सुल्तानगंज चौराहा, वाटर वर्क्स, खंदारी बाईपास और रामबाग तक सुबह से शाम तक जाम में फंसना लोगों की दिनचर्या में शामिल हो गया है। अब एमजी रोड और उसके लिंक रोड भी जाम प्वाइंट बन गए हैं। मदिया कटरा तिराहा, हरीपर्वत, घटिया चौराहा, बेलनगंज रोड, शाहगंज चौराहा, भोगीपुरा, सिकंदरा बोदला रोड पर रोजाना जाम लग रहा है। जाम में फंसे लोग झल्लाकर आपस में झगड़ा कर रहे हैं। मंगलवार को भी कई स्थानों पर जाम में फंसे वाहन चालकों में विवाद हुए। कहीं ऐसा नहीं हो कि जाम की समस्या कानून व्यवस्था में पलीता लगा दे।