कासगंज। कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में पात्र बेरोजगारों को ऋण सुविधा आदि के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यशाला का शुभारंभ डीएम सुधा वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। डीएम ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का लाभ पात्र लाभार्थीयों से उठाने की अपील की।विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत सहायक निदेशक नेपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पीएम विश्वकर्मा योजना में 18 ट्रेड्स शामिल किए गए हैं। जिसमें कारपेंटर, नाव बनाने वाले, अस्त्र बनाने वाले, लुहार, ताला बनाने वाले, नाई, सुनार, कुम्हार, मूर्तीकार, मोची, राजमिस्त्री, डलिया, चटाई, झाड़ू बनाने वाले पारंपरिक गुड़िया और खिलौने बनाने वाले, हथौड़ा और टूलकिट निर्माता, मालाकार, धोबी, दर्जी, मछली का जाल बनाने वाले सम्मिलित है। योजना में न्यूनतम आयु की पात्रता 18 वर्ष है, लाभार्थी को स्वत: जनसेवा केंद्र के माध्यम से अपने को किसी एक ट्रेड में पंजीकृत कराना है। संबंधित ट्रेड में लाभार्थी को पांच दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान कराया जाएगा। इसके उपरांत लाभार्थी को 15 हजार का ई-बाउचर दिया जाएगा। जिससे लाभार्थी अपने अपने ट्रेड के टूल किट को खरीद सकेगा। टूलकिट प्राप्त कर रोजगार प्रारंभ करने वाले लाभार्थी को इच्छुक होने पर एक लाख रुपये का 5 प्रतिशत ऋण सामान्य ब्याज पर बगैर किसी गांरटी के उपलब्ध कराया जाएगा।