गंजडुंडवारा। विद्युत निगम की लापरवाही के कारण स्थानीय ग्रामीणों को लगातार 48 घंटे से भी अधिक समय तक विद्युत कटौती से जूझना पड़ा। इसके बाद भी जब विद्युत आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो आक्रोशित लोग सड़क पर निकल पड़े। उन्होंने विरोध जताते हुए जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने ग्रामीणों को विद्युत आपूर्ति जल्द बहाल करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही जाम खुल सका।गंजडुंडवारा में बिजली के खंभों पर लगे तार जर्जर हो चुके हैं। यह तार ओवरलोड होते ही टूट जाते हैं, या फिर इनमें फॉल्ट होने से विद्युत आपूर्ति बाधित होती है। इसी खामी के कारण क्षेत्र में बुधवार की शाम को भी बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई जो शुक्रवार की दोपहर तक सुचारु नहीं हो सकी। गर्मी से जुझ रहे ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। उन्होंने अव्यवस्था को लेकर तीखा आक्रोश जताया। शुक्रवार को एटा रोड स्थित गनेशपुर में सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन कर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो दिन से बिजली आपूर्ति बाधित है। बीते काफी समय से बिजली का यही हाल है। दो दिन लगातार बिजली नहीं मिलने के कारण लोगों को पेयजल के साथ दैनिक कार्यों के लिए भी परेशानी उठानी पड़ी। लोगों के इनवर्टर भी जवाब दे गए। करीब एक घंटे तक लगे जाम की सूचना पर पुलिस और विद्युत निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। अवर अभियंता पवन कसोधन ने शीघ्र ही विद्युत आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही ग्रामीणों ने जाम खोला।