कासगंज। जिला अस्पताल में तैनात चिकित्सक और स्टाफ ने सरकार के आदेश-निर्देश ताक पर रखे। वे निर्धारित ड्रेस कोड की अनदेखी तो कर ही रहे हैं। उनके लिए ड्यूटी के लिए तय समय सीमा का पालन भी कोई मायने नहीं रखता। शुक्रवार को भी जिला अस्पताल में कुछ ऐसा ही नजारा देखा गया। कई चिकित्सक निर्धारित वेशभूषा के बिना मरीजों को देख रहे थे। वहीं कई ओपीडी में चिकित्सक दोपहर में करीब एक बजे नदारद थे।दरअसल, प्रदेश सरकार ने कुछ समय पूर्व आदेश दिया था कि चिकित्सक और चिकित्सकीय स्टाफ ड्यूटी पर निर्धारित ड्रेस कोड का अनिवार्य रूप से पालन करें। ड्यूटी समय में सफेद एप्रेन पहनें। इसके साथ ही निर्धारित समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक ड्यूटी पूरी मुस्तैदी से रहे। हालांकि जिला अस्पताल में इन निर्देशों को मानो हवा में उड़ा दिया गया। शुक्रवार की दोपहर में करीब 1 बजे बाल रोग विशेषज्ञ, अस्थि रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में चिकित्सक मौजूद नहीं थे। अस्थि रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में चिकित्सक के नहीं होने पर स्टाफ नर्स ही मरीजों को परामर्श दे रही थीं। इससे चिकित्सक को दिखाने आए मरीजों को निराशा हुई। वहीं दूसरी ओर फिजीशियन सहित इमरजेंसी में भी ड्रेस कोड का पालन किए बिना ही मरीजों का उपचार कर रहे थे।