मैनपुरी। शहर के नई बस्ती देवपुरा में रात में केबल जलने से बिजली बंद हो गई। दो घंटे तक लोग गर्मी में परेशान रहे। जली केबल बदलने के बाद बिजली आपूर्ति चालू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
देहात तो दूर शहरी क्षेत्र में ही बिजली आपूर्ति की समस्या बिगड़ती जा रही है। रोजाना किसी न किसी क्षेत्र में बिजली किसी न किसी कारण से बंद की जा रही है। रविवार की रात नई बस्ती देवपुरा क्षेत्र में बिजली की केबल जल गई। बिजली की केबल जलने के बाद इलाके की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। दो घंटे तक मशक्कत करने के बाद केबल बदलकर आपूर्ति चालू की जा सकी।
सोमवार की सुबह काशीराम फीडर के ताबेपुर में केबल बदलने के लिए बिजली आपूर्ति बंद की गई। सुबह नौ बजे बंद की गई बिजली दोपहर तीन बजे के बाद चालू की जा सकी। गर्मी में बिजली बंद होने से लोग परेशान हुए। देवी रोड इलाके में केबलें बदले जाने के कारण सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक बिजली बंद रही। केबलें बदलने के लिए लगातार किसी न किसी इलाके में बिजली बंद होने से लोगों को गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।