कलेक्ट्रेट पर डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन देते कांग्रेसी।
मैनपुरी। कांग्रेस के पदाधिकारियों ने शनिवार को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को दिया है। ज्ञापन में मांग की है कि अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाई जाए। रोस्टर के हिसाब से बिजली दी जाए।
शनिवार को कांग्रेस के पदाधिकारी जिलाध्यक्ष विनीता शाक्य के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शन करने के बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को दिया। ज्ञापन में कहा है कि सरकार के तमाम दावों के बीच प्रदेश में जमकर बिजली कटौती की जा रही है। समाज का हर वर्ग बिजली कटौती से परेशान है। किसानों को समय से बिजली नहीं मिल पाने के कारण खेतों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। छात्र छात्राओं की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में कहा है कि अघोषित और अनियमित बिजली कटौती से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। खास बात यह है कि बिजली बंद होने पर अधिकारी और कर्मचारी फोन नहीं उठाते हैं। ज्ञापन में रोस्टर के हिसाब से बिजली आपूर्ति कराए जाने की मांग की गई है। इस मौके पर मनोज कुमार शाकय, लक्ष्मण सिंह, भीमसेन कठेरिया, उमर मोहम्मद, ब्रजेश सिंह यादव, मुनीशा बेगम, समीर, इंद्रेश कुमार मौजूद रहे।