15एमएनपी-16-मृतक गौरव का फाइल फोटो
- फोटो : MAINPURI
बेवर (मैनपुरी)। गांव डडुआ खेड़ा में खेत पर गया एक युवक लोहे के कटीले तारों में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गया। जिससे युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मृतक के भाई ने खेत स्वामी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थानाक्षेत्र के गांव डडुआ खेड़ा निवासी अशोक कुमार के घर पर बुधवार की सुबह बोरिंग का काम चल रहा था। वहां गांव किल्ली निवासी 18 वर्षीय गौरव सिंह पुत्र शीलेंद्र मजदूरी कर रहा था। दोपहर करीब 12 बजे गौरव लघुशंका करने के लिए खेत की ओर चला गया। वह जब सभाष चंद्र के खेत के पास पहुंचा। तभी वहां लगे कटीले तारों में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से गौरव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जानकारी होने के बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतक के भाई सौरभ की ओर से खेत स्वामी के खिलाफ मुकद्मा दर्ज कराया गया है। वहीं पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
तीन भाइयों में बड़ा था गौरव
गौरव तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। पिता के पास महज चार बीघा जमीन है। जिससे घर की गुजर बसर चल रही है। मृतक भी मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। उसकी मौत के बाद से पूरा परिवार सदमे में है। सभी खेत स्वामी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।