गंजडुंडवारा। पटियाली रोड स्थित मोहल्ला पूरब थोक में शुक्रवार की रात बिजली का पोल गिर गया, जिससे तीन राहगीर घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पोल गिरते ही मौके पर भगदड़ मच गई। घटना से लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
घटना के समय लोग मस्जिद से नमाज पढ़कर लौट रहे थे, तो कुछ लोग तरावी की नमाज के लिए मस्जिद जा रहे थे, तभी आठ बजे के करीब बिजली का पाेल गिर गया। हादसे के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। इस दौरान तीन लाेग घायल हुए।
घायलों में रीजल पुत्र सलीम, फैजान पुत्र बदर के पैरों में चोट आई, जबकि अरमान पुत्र अब्बास के सिर में चोटें आई। लोगों ने सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई। सूचना मिलने पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज ग़ांधी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि पोल काफी जर्जर हो चुका था। शिकायत के बाद भी उसे नहीं बदला गया।