मैनपुरी। अब राशन की दुकानों पर बिल जमा करने की शुरुआत की गई है। बृहस्पतिवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय में पहला बिल जमा करवाकर इसकी शुरुआत की गई।
जिले के शहरी क्षेत्र के साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत में राशन की दुकान संचालित है। यहां अब राशन वितरण के साथ ही बिजली का बिल भी जमा होगा। विद्युत वितरण निगम ने इसकी शुरुआत की है। इसके तहत शहर की 89 और ग्रामीण क्षेत्र की 697 दुकानों समेत कुल 786 राशन की दुकानों पर बिजली बिल जमा करने की सेव मिलेगी। बृहस्पतिवार को अधीक्षण अभियंता विद्युत कार्यालय में इसके लिए बैठक का आयोजन किया गया।
इसमें अधीक्षण अभियंता विद्युत जीसीएल भटनागर ने पूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर राशन डीलर के बिल जमा कराने की शुरुआत की। पहले चरण में 30 राशन डीलरों को बिल जमा करने के लिए पंजीकरण किया गया है। जल्द ही सभी का पंजीकरण कर दिया जाएगा। बैठक में पूर्ति निरीक्षक दीपक जैन, कार्यकारी सहायक विद्युत बजरंग बहादुर, टीएसपी राजभूषण सिंह आदि मौजूद रहे।
अलग-अलग मिलेगा कमीशन
राशन डीलर के बिजली बिल जमा करने से ग्राहक को कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं देना होगा। ग्रामीण क्षेत्र में दस हजार रुपये तक का बिल जमा करने पर डीलर को 17 रुपये और दस हजार से अधिक का बिल जमा करने पर 0.25 प्रतिशत कमीशन मिलेगा। शहरी क्षेत्र में राशन डीलर को तीन हजार रुपये का बिल जमा करने पर प्रति बिल दस रुपये और तीन हजार से अधिक का बिल जमा करने पर 0.40 प्रतिशत कमीशन मिलेगा।
वर्जन
लोगों की सहूलियत के लिए राशन डीलर बिल जमा करेंगे। इसकी शुरुआत कर दी गई है। पहले चरण में 30 दुकानों पर बिल जमा होगा। जल्द ही सभी दुकानों पर भी सेवा शुरू कर दी जाएगी।
जीसीएल भटनागर, अधीक्षण अभियंता विद्युत।