अराजक तत्वों पर रखें नजर, चुनावी चर्चा न करें
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए फोर्स अलर्ट रहे। किसी तरह की कोताही न बरतें। पुलिसकर्मी अपने ड्यूटी कार्ड के साथ प्वाइंट पर पोलिंग पार्टी के साथ समय से पहुंचे। अराजक तत्वों पर खास नजर रखी जाए। पोलिंग बूथ के आसपास के एरिया में ड्यूटी पर जाते ही मूवमेंट करें। लोगों से हालात के बारे में गोपनीय जानकारी कर लें। मतदान के दौरान चुनाव की चर्चा करने से बचें। गुरुवार को पुलिस लाइन ग्राउंड में ब्रीफिंग में पुलिस अधिकारियों ने यह निर्देश चुनाव ड्यूटी में लगे पुलिस कर्मियों और फोर्स को दिए।
आईजी सुजीत पांडेय ने कहा कि किसी तरह की समस्या होने पर तुरंत एक्शन लें। बिना किसी हड़बड़ाहट के तुरंत पहुंचे। कंट्रोल रूम पर पुलिस हर सूचना को गंभीरता से लें। फोर्स मूवमेंट के दौरान किसी गेस्ट हाउस या होटल में न रुकें। संवेदनशील बूथों पर ज्यादा सतर्कता की जरूरत है। डीआईजी महेश कुमार मिश्र ने कहा कि इवोम की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस की है। वह पोलिंग पार्टियों के साथ रहें। मतदेय स्थल पर तमाम व्यवस्थाएं कर दी गई हैं। किसी अन्य व्यक्ति से जलपान ग्रहण न करें। बुजुर्ग मतदाताओं का ख्याल रखें। इससे पूर्व एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह ने कहा कि रिटर्निंग आफिसर, पुलिस अधिकारी साइलेंट मोड पर मोबाइल रखें। जनपद में कोई भी वाहन बिना चेकिंग के नहीं आना चाहिए।