मैनपुरी। करहल विधानसभा उप चुनाव के लिए सोमवार शाम छह बजे चुनावी शोर थम गया। अब मंगलवार को नवीन मंडी से पोलिंग पार्टियां रवाना की जाएंगी। ये पोलिंग पार्टियां 20 नवंबर को 444 मतदेय स्थलों पर मतदान संपन्न कराएंगी। इसके लिए दिन भर तैयारी चलती रहीं। नवीन मंडी में भी बैरिकेडिंग समेत अन्य कार्य चलते रहे।
मंगलवार को सुबह 10 बजे से नवीन मंडी से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जाएगा। करहल विधानसभा क्षेत्र के कुल 351 मतदान केंद्रों के 444 मतदेय स्थलों के लिए इतनी ही पोलिंग पार्टियां भेजी जानी हैं। नवीन मंडी से सुरक्षा बलों के साथ वाहन उन्हें लेकर जाएंगे। मतदेय स्थल पर ही रात्रि विश्राम के बाद 20 नवंबर को सुबह 7 बजे से मतदान कराएंगे। दिन भर अधिकारी तैयारियों में जुटे रहे।
मंडी में ही मिलेगा ड्यूटी कार्ड, ईवीएम और जरूरी सामान
पोलिंग पार्टियों को नवीन मंडी में ही ड्यूटी कार्ड वितरित किए जाएंगे। ड्यूटी कार्ड प्राप्त करने के बाद वे ईवीएम और मतदान संबंधी सामान प्राप्त कर मतदेय स्थलों के लिए जाएंगे। जाने से पहले उन्हें सभी अभिलेखों का मिलान करना होगा। वहीं ईवीएम और वीवीपैट भी चालू कर देखनी होगी। अगर कहीं कोई गड़बड़ी है तो वे तत्काल अधिकारियों को सूचित करेंगे।
बैरिकेडिंग की और कैमरे लगाए गए
नवीन मंडी में सोमवार को अधिकारी और कर्मचारी तैयारियां कराने में जुटे रहे। पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए बैरिकेडिंग का काम जारी रहा। वहीं मतदान के बाद मंडी में ही बनाए जाने वाले स्ट्रांग रूम के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम भी चलता रहा।
ये 7 प्रत्याशी हैं मैदान में
-अनुजेश सिंह, भाजपा
-तेजप्रताप सिंह, सपा
-अवनीश कुमार, बसपा
-सुनील मिश्रा, सर्व समाज जनता पार्टी
-प्रदीप, आजाद समाज पार्टी काशीराम
-विवेक यादव, सर्वजन सुखाय पार्टी
-सचिन कुमार, निर्दलीय।
ये भी जानें
- 9 जोन में बांटी गई है करहल विधानसभा सीट
- 44 सेक्टर में बंटी है करहल विधानसभा सीट
- 351 हैं कुल मतदान केंद्र
- 444 हैं कुल मतदेय स्थल
मतदाताओं पर एक नजर
-207457 हैं पुरुष मतदाता
-174917 हैं महिला मतदाता
-4 हैं अन्य मतदाता
-382378 हैं कुल मतदाता