मैनपुरी। बिजली कनेक्शन लेने के बाद हजारों उपभोक्ताओं ने एक साल में एक बार भी बिल जमा नहीं किया। ऐसे में बिजली विभाग ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। एक पखवाड़े बाद विच्छेदन और वसूली के लिए अभियान शुरू कर दिया जाएगा।
हर घर बिजली पहुंचाने के लिए सरकार ने सौभाग्य योजना की शुरुआत की थी। इस योजना के तहत जिले में 98788 कनेक्शन स्वीकृत किए गए थे। इसके बाद भी बिल जमा करने में उपभोक्ताओं ने कोई रुचि नहीं दिखाई। सौभाग्य योजना के तहत कनेक्शन लेने वाले 65756 उपभोक्ताओं ने तो एक बार भी बिजली का बिल जमा ही नहीं किया। इन पर बिजली विभाग का करीब 12 करोड़ रुपया बकाया है। बिजली विभाग ने अब इस बकाया बिल को वसूलने के लिए बकाएदारों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं और डिस्कनेक्शन भी किया जा रहा है। एक पखवाड़े बाद अभियान चलाकर ये कार्रवाई बड़े स्तर पर की जाएगी।
मीटर फीड न होने से भी आ रही समस्या
ग्रामीण क्षेत्रों में सौभाग्य योजना के तहत हुए बिजली कनेक्शन का बिल जमा न करने के पीछे कुछ समस्याएं भी हैं। दरअसल कनेक्शन के बाद लगे बिजली के मीटर अब तक फीड ही नहीं हो सके। इसके कारण जब भी मीटर रीडर जाता है तो बिल नहीं निकलता। ऐसे में लोग बिल जमा नहीं कर पा रहे हैं।
हाईलाइट्स
-98788 को सौभाग्य योजना में मिला कनेक्शन
-65756 ने एक बार भी जमा नहीं किया बिल
-25253 ने तीन माह से जमा नहीं किया बिल
-12 करोड़ रुपये की है बकाएदारी
सौभाग्य योजना के तहत बिजली कनेक्शन लेने वाले लोग अपना बिजली बिल जमा कर दें। अगर जल्द ही बिल जमा न किया गया तो कनेक्शन विच्छेदन करते हुए वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
रवि अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता विद्युत।