ताजमहल के मुख्य गुंबद की सीढ़ियों पर रविवार दोपहर को बुजुर्ग महिला पर्यटक गिरकर घायल हो गईं। एएसआई कर्मचारियों ने प्राथमिक उपचार कराने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। मुख्य गुंबद की सीढ़ियां अधिक फुट फॉल के कारण घिसकर चिकनी हो गई हैं। यही कारण है कि अकसर ही यहां पर्यटक फिसल जाते हैं।
ताजमहल में दोपहर करीब 2 बजे मथुरा के छाता से पर्यटकों का दल भ्रमण करने आया था। दल में शामिल 70 वर्षीय उर्मिला देवी मुख्य गुंबद की सीढ़ियों से उतरने वक्त फिसलकर गिर पड़ीं। इस पर दल के सदस्य उन्हें किसी तरह उठाकर ले नीचे आए। यहां एएसआई कर्मियों ने डिस्पेंसरी में प्राथमिक उपचार करवाया।
इसके बाद पर्यटक को एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुख्य गुंबद की सीढ़ियों से फिसलने की यह पहली घटना नहीं है। इसके पहले भी 3 पर्यटक इन सीढ़ियों से फिसलकर घायल हो चुके हैं। दरअसल इन सीढ़ियों पर लगाईं लकड़ी घिस चुकी है, जोकि कई जगह बेहद चिकनी या फिसलनी हो चुकी है। इस कारण हादसे हो रहे हैं।