बुजुर्ग दंपती (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में नौ साल से अलग रह रहे बुजुर्ग दंपत्ती रविवार को परिवार परामर्श केंद्र में मिले तो आंसू नहीं रोक पाए। दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामा और फफक-फफक कर रोए। मां के साथ आई बेटी भी पिता के गले लगकर रोने लगी। वह भी नौ साल बाद पिता से मिल पाई थी। फिलहाल समझौते में यह तय हुआ कि दंपती महीने में एक दिन मिल सकेंगे और पत्नी को पेंशन में से पांच हजार रुपये दिया जाएगा।
ये है मामला
मामला हरीपर्वत थाना क्षेत्र का है। बुजुर्ग दंपती नौ साल से अलग रह रहे हैं। 70 वर्षीय पत्नी का कहना था कि पति सरकारी नौकरी से रिटायर्ट हैं लेकिन उसे खर्च के लिए एक रुपया भी नहीं देते। नौ साल से वह अपनी बेटी के साथ रहकर जीवन यापन कर रही हैं। बेटे पति से मिलने नहीं देते हैं। उन्हें लगता है कि अगर वह पति से मिलने लगी और उनके साथ रहने लगी तो पेंशन का पैसा मां के पास आ जाएगा, जिसे वह अपनी बेटी को दे सकती है। नौ साल से वह पति से मिलने और उनके साथ रहने के लिए लड़ रही है।