छटीकरा/मथुरा। छटीकरा में चोरों ने पांच घरों को अपना निशाना बनाया। यहां से आठ लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। इसके अलावा दो क्विंटल हाईटेंशन बिजली के तार भी चुरा ले गए। इसमें आरएसएस के सह खंड कार्यवाह गौरव का घर साफ किया, साथ ही दूसरे घर में शादी के बाद मायके आई नवविवाहिता के गहने चुरा ले गए। जैंत पुलिस ने अभी तक इन पांचों मामलों में मुकदमा तक दर्ज नहीं किया, जबकि एसपी सिटी का कहना है कि जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
छटीकरा के स्टेशन रोड की राधिका विहार कॉलोनी निवासी ओमप्रकाश के घर में छत के सहारे घुसे चोर एक लाख रुपये की जेवरात और 34 हजार रुपये की नकदी चुरा ले गए। उनकी बेटी पूजा शादी के बाद मायके आई थी, उसके गहने भी चोर ले गए। चोरों ने इसी कॉलोनी में रेवतीरमण के घर में घुसकर मोबाइल, एक लैपटॉप, गौरव गर्ग के मकान में घुसे चोर तीन मोबाइल, दो पर्स (चार हजार रुपये), राधारमण के किराएदार नरेंद्र चौधरी के घर में घुसकर नौ हजार रुपये, एलईडी और एक मोबाइल चुरा लिया। छटीकरा राल रोड पर ठेकेदार रोहित के मकान के बाहर पड़ी हाईटेंशन बिजली दो क्विंटल तार चोरी करके टेंपो में रखकर ले गए।
पांच घरों में हुई चोरी की जानकारी मिलने पर काफी देर बाद पहुंची जैंत पुलिस ने केवल कोरम पूरा किया। इस मामले में एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि चोरी की वारदातों का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जल्द इन चोरी की वारदातों का खुलासा किया जाएगा।।
पांच थे चोर, की थी गाली-गलौज
ठेकेदार रोहित के घर में विकास और अंकुर थे। दोनों के अनुसार पांच चोर आए और टेंपो में तार चोरी करके ले गए। टोकने पर चोरों ने गाली-गलौज करते हुए धमकाया।