पुलिस की हिरासत में टप्पेबाजी के 8 आरोपी।
कासगंज। सोरोंजी क्षेत्र में हुई टप्पेबाजी की घटना का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। एसओजी,सर्विलांस और सोरोंजी पुलिस ने अंतर जनपदीय आठ टप्पेबाजों को कार और नकदी सहित गिरफ्तार किया। ये बदमाश बस और ट्रेनों में जेब काटकर यात्रियों के पैसे-रुपये उड़ाने की घटनाओं को अंजाम देते हैं। इनमें एटा और मैनपुरी के टप्पेबाज भी शामिल हैं।
गांव मानपुर नगरिया निवासी राजेश पुत्र गौरी शंकर 6 जून को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से एक लाख रुपये की नकदी निकालकर बेंच पर बैठकर गिन रहे थे। इसी दौरान दो लोगों ने राजेश से बैंक में अपने खाते में 1.50 लाख रुपये जमा करने का झांसा देकर टप्पेबाजी करते हुए एक लाख रुपये पार कर दिए थे। उन्होंने सोरोंजी कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले का खुलासा करने के लिए एसपी अंकिता शर्मा ने एसओजी, सर्विलांस और कोतवाली पुलिस की टीम गठित की थी। पुलिस टीम ने 12 जून की रात को चेकिंग के दौरान सहावर रोड गांव हिमायूंपुर के पास आठ लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से 30 हजार रुपये की नकदी और घटना में प्रयोग की गई कार भी बरामद की। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में अपने नाम अरविंद कुमार निवासी गांव नगला सवल थाना नयागांव एटा, उदयवीर निवासी मोहल्ला गिहार कालोनी भौगांव मैनपुरी, विपिन, रवेंद्र, राजीव, सुरेश, गोविंद, वीरू कुमार निवासी मोहल्ला काजी कस्बा व थाना अलीगंज जनपद एटा बताया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। एसपी अंकिता शर्मा ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि पकड़े गए सभी आरोपी टप्पेबाजी की घटना में शामिल हैं। बस और ट्रेनोंमें जेब काटने की वारदातों को अंजाम देने के बाद कार में सवार होकर निकल जाते थे। इससे उनके ऊपर कोई शक नहीं करे। दो आरोपी अरविंद व राजीव का आपराधिक इतिहास है। घटना का खुलासा करने वाली टीम को 15 हजार रुपये के इनाम देने की घोषणा की है।