मैनपुरी। जेल में महिला बंदियों को शिक्षा देने के लिए काम शुरू किया गया है। जेल शिक्षक जेल में अशिक्षित और साक्षर महिला बंदियों को अक्षर ज्ञान देंगे। इसके लिए नियमित रूप से जेल शिक्षक को क्लास लगाकर काम करना होगा। आपराधिक मामलों में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी बनाई गई महिलाओं को लिखापढ़ी करने के बाद जेल भेजती है।
कुछ मामलों में जमानत नहीं होने पर महिला बंदियों को काफी समय तक जेल में ही रहना पड़ता है। महिला बंदियों को अपराधी मनोवृत्ति से दूर रखकर उनमें सुधार लाने के लिए अब उनको जेल में अक्षर ज्ञान कराया जाएगा। इसके लिए जेल शिक्षक नियमित रूप से क्लास लेकर महिलाओं को पढ़ाकर उनको अक्षर ज्ञान देने के साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में जागरूक होने के लिए प्रेरित करेंगे। जेल शिक्षक महिला बंदियों का पूरा ब्योरा तैयार करेंगे। महिला बंदियों के शिक्षा ज्ञान की पहल का जेल अधीक्षक सुपरवीजन करेंगे।