कासगंज। शासन के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग का एक अजीबोगरीब फरमान जारी हुआ। इसके तहत अब घर में रहकर ऑनलाइन पढ़ाई करने वाले नौनिहाल स्कूल ड्रेस में पढ़ाई करेंगे। शिक्षा विभाग ने शिक्षकों को निर्देश दिए हैं कि बच्चों को हर हाल में ड्रेस उपलब्ध कराएं। खंड शिक्षाधिकारियों से मांगी गई रिपोर्ट के आधार पर विभाग स्कूलों के खातों में धनराशि भी भेजेगा।
कोरोना संक्रमण के कारण स्कूल बंद हैं। बेसिक शिक्षा विभाग में ऑनलाइन पढ़ाई कराई जा रही है। शिक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे विद्यार्थियों को स्कूल न बुलाएं और मोबाइल पर पाठ्यक्रम पूरा कराएं। इसके लिए बच्चों को घर-घर किताबें भेजी जा रही हैं। वहीं इस बीच अब बच्चों को स्कूल बंदी में ही ड्रेस उपलब्ध कराई जाएगी।
शासन के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। खंड शिक्षाधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। पूछा गया है कि मौजूदा स्थिति में छात्र संख्या क्या है। सोमवार तक रिपोर्ट आते ही दो दिन बाद विभाग स्कूलों के खाते में धनराशि भेजेगा।
- 1.48 लाख बच्चे पिछले सत्र में स्कूलों में थे पंजीकृत।
- 6.66 करोड़ रुपये औसतन विद्यालयों में भेजे जाने की है तैयारी।
- परिषदीय स्कूलों में ड्रेस वितरण के लिए जल्द ही धनराशि भेजी जाएगी। शिक्षक अपने-अपने स्कूलों में छात्र संख्या के आधार पर ड्रेस तैयार करा लें। उन्हें अवकाश के दिनों में ही ड्रेस वितरण करनी होगी। - आरसी मौर्य, जिला समन्वयक।