कासगंज। कोरोना संकट के चलते बाधित चल रही बच्चों की शिक्षा को सुचारू रखने के लिए अब दूरदर्शन एवं आकाशवाणी सक्रिय हो गए हैं। इन पर बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए 26 अप्रैल से शैक्षणिक प्रसारण शुरू कर दिया गया है। बच्चे टीवी देखकर या रेडियो पर सुनकर अपनी पढ़ाई कर सकते हैं।
लॉकडाउन में विद्यालय बंद होने से बच्चों की पढ़ाई पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। हालांकि बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से इस दौरान ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था शुरू की गई। जिसमें अभिभावकों ने भी रुचि दिखाई। बड़ी संख्या में बच्चों ने ऑनलाइन पढ़ाई शुरू भी कर दी, लेकिन इसके बाद भी समस्या का पूरी तरह से समाधान नहीं हो सका।
ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी तमाम परिवार ऐसे हैं जिनके पास स्मार्टफोन नहीं हैं। इसके मद्देनजर दूरदर्शन व आकाशवाणी ने एक नई पहल की है। अब दूरदर्शन पर 26 अप्रैल से सुबह 11:30 बजे से लर्निंग आउटकम के विकास के लिए हिंदी, गणित और विज्ञान के वीडियो तथा आकाशवाणी पर मिशन प्रेरणा की ई-पाठशाला का प्रसारण शुरू किया गया है।
जानकारी कराई जा रही
आकाशवाणी पर आओ अंग्रेजी सीखें और मीना रेडियो का प्रसारण सुबह 11 बजे से पहले से ही किया जा रहा था। अब आउटलर्निंग व ई-पाठशाला का शुभारंभ और किया गया है। बच्चों को इसके बारे में जानकारी कराई जा रही है ताकि वे इस कार्यक्रम के माध्यम से अपनी पढ़ाई जारी रख सकें। - अंजली अग्रवाल बेसिक शिक्षा अधिकारी।