मैनपुरी। देवी रोड स्थित स्काउट भवन में मंगलवार को जिला स्तर पर चयनित 40 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण हुआ। बीएसए विजय प्रताप सिंह ने कहा मुख्यालय पर प्रशिक्षण लेने वाले सदस्य अब ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण देंगे। शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए अब तेजी से काम किया जाएगा।
मंगलवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देते हुए बीएसए विजय प्रताप सिंह ने कहा शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता में सुधार करना शासन और विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। जिले में शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता में सुधार कैसे हो इस पर हमको मनन करना है। शिक्षकों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर काम करने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उनको इस दिशा में प्रशिक्षण पाने के बाद काम करना होगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद कुमार ने कहा आंगनबाड़ी केंद्रों का अधिकारियों की ओर से नियमित रूप से निरीक्षण किया जाता है।
स्कूलों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता में सुधार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिन सदस्यों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया है वह अपने अनुभव का लाभ अन्य सदस्यों को भी दें। अब जिले के अन्य ब्लॉक में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर प्रशिक्षण पाने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। इस मौके पर सरस्वती, सारिका सक्सेना, लता प्रधान, दमयंती, जितेंद्र गुप्ता, जितेंद्र बाथम, अशोक यादव, विनय कुमार, राजवीर सिंह, विनोद शर्मा, धीरेंद्र सिंह चौहान मौजूद रहे।